स्वादिष्ट वेजिटेबल बिरयानी + रायता रेसिपी
Description
इसको बनाने का तरीका काफी हद तक नॉन-वेज बिरयानी जैसा होता हैं, पर बिना मटन या चिकन के भी हम उसी विधि का इस्तेमाल करके बहुत ही स्वादिष्ट डिश बनाते बनाएँगे। आलू, गाजर, शिमला मिर्च, कॉर्न जैसे बहुत-सी सब्जियों और खड़े मसालों का इस्तेमाल करके हम इसे स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बहुत पौष्टिक भी बना देंगे।
एक स्वादिष्ट वेजिटेबल बिरयानी बनाने के लिए हमें बहुत सारे अलग-अलग महंगे मसाले इस्तेमाल करने की ज़रूरत नहीं है बल्कि आपको यह पता होना चाहिए कि कौन-सी चीज़ को काटना या उबालना हैं, सब्जियों को किस तरह पकाना हैं, तो चलिए, हम देखते हैं कि किस तरह से आप इन चीज़ों का अच्छे से ध्यान रख सकते हैं।
Ingredients
Instructions
-
वेजिटेबल बिरयानी में आप जितनी ज़्यादा सब्जियों का उपयोग कर सकें आपको उतना ही अच्छा स्वाद मिलेगा, तो सबसे पहले हम 1 मध्यम आकार का आलू, छोटे आकार की गाजर, 7-8 बीन्स, मध्यम आकार का शिमला मिर्च, एक फूलगोभी का 1/4 हिस्सा, थोड़े-से भुट्टे के दाने, 2 मध्यम आकार का प्याज़, और 100 ग्राम पनीर ले लेना हैं, इसके बाद आपको इन्हें सही आकर में काट लेना हैं जैसा कि आप फोटो में देख सकते हैं।
-
प्याज़ को हमें दो अलग-अलग तरीको से इस्तेमाल करना होगा, तो मसाले के साथ फ्राई करने के लिए आप थोड़े मोटे पीस काट सकते हैं वहीं चावल की लेयर के लिए आपको प्याज़ को बहुत पतले-पतले हिस्सों में काटना होगा, तो इसके लिए आपको 2 मध्यम साइज़ के प्याज़ लेने होंगे और उन्हें पतले-पतले पीस में काट लेना होगा जैसा कि आप फोटो में देख सकते हैं।
-
सही मात्रा में तेल वेजिटेबल बिरयानी को रुखा-सूखा नहीं रहने देता, तो आप भी तेल को सही मात्रा में डालें अगर आप 150 ग्राम चावल ले रहे हैं और अच्छी मात्रा में सब्जियाँ डाल रहे हैं तो 50 ग्राम से कम तेल में आपको अच्छा स्वाद नहीं मिल पाएगा, इसलिए आप इतनी या इससे अधिक मात्रा में तेल लेकर एक कुकर में गरम कर लें।
-
अगले स्टेप में आपको पतले कटे हुए प्याज़ को अच्छे से भून लेना हैं, जब प्याज़ का कलर गोल्डन होने लग जाए तो उसे निकाल कर एक तरफ रख लेना हैं, हमें इसकी ज़रूरत बाद में लगेगी।
-
यहाँ आप फोटो में देख सकते हैं प्याज़ का रंग सुनहरा हो चूका हैं और आपको भी प्याज़ को इसी रंग तक भूनना हैं।
-
अब आपको 50 ग्राम पनीर को क्यूब के आकार में काट लेना है, और इन्हें शैलो फ्राई कर लेना है, आपको पनीर को इतना सख्त कर लेना हैं कि जब आप पनीर को मसाले में डाले तो वह बिखरे नहीं।
-
अब आपको उसी तेल में गरम मसाले डालने हैं, जब आपने उसी तेल में प्याज़ और पनीर को भूना तो तेल में उनका स्वाद रह गया और यह आपके आगे के मसालों को और भी स्वादिष्ट बनाएगा, तो थोड़ी देर गरम मसलों को इसमें भून लें।
-
अब हमने जो थोड़े मोटे प्याज़ के स्लाइस काटकर रखे थे उनका इस्तेमाल करना है, और अब गरम मसालों के साथ आपको प्याज़ को भूनना हैं धीमी आँच पर, आँच तेज़ रखने की भूल न करे क्योंकि इसकी वजह से कई बार प्याज़ जल जाते हैं और मसाले का पूरा स्वाद बिगाड़ देते हैं, वैसे, 10–15 मिनट में प्याज़ धीमी आँच पर अच्छे से भून जाएँगे।
-
अब इसके बाद हमने पहले से जो अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को कूटकर रखा था उसे मसाले में डालेंगे, इसके लिए आप अदरक का एक छोटा टुकड़ा लें, 7-8 लहसुन की कलियाँ, और 3-4 हरी मिर्च लेकर उन्हें अच्छे से कूट लें, ये कुटे हुए अदरक, लहसुन, और हरी मिर्च इस मसाले का स्वाद काफी बढ़ा देंगे।
-
कुछ देर बाद आपको आलू डाल देना है मसाले में, इसके आकार का ध्यान रखिएगा, न इन्हें बहुत छोटा काटे जिससे ये मसाले में बिखर जाएँ और न ही बहुत बड़े रखें जिससे ये ठीक से पकें नहीं, अब बस कुछ देर तक आलू को मसाले में धीमी आँच पर पकने दीजिए, अच्छा अगर आप आलू को पहले ही छीलकर कुछ देर के लिए पानी में रख देंगे तो आलू अच्छे से पकेगा।
-
अब हमने जो फूलगोभी को काटकर रखा था उसे मसाले में डाल देना है, फूलगोभी को मसाले में डालने से पहले एक बर्तन में थोड़ा पानी उसमें नमक डालें और जैसे ही पानी उबलने लगे उसमें गोभी दाल दें इससे अगर फूलगोभी में कोई भी कीड़ा होगा तो वह मर जाएगा और बाहर आ जाएगा जिससे आप साफ़ फूलगोभी खा पाएँगे।
-
मैंने आपसे पहले ही कहा था हम जितनी ज्यादा सब्जियों का उपयोग करेंगे वेजिटेबल बिरयानी उतनी ज्यादा स्वादिष्ट बनेगी, तो अब हम दलनेँगे बीन्स, इसने भी अच्छे से साफ़ करके छोटे-छोटे टुकड़ो में काट लें और सब्जियों के साथ पकने के लिए चोर दें धीमी आँच पर ।
-
अब मसाले में मिलाना है शिमला मिर्च, इसे अच्छे से धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें, और सब्जियों के साथ मिलाकर पकने छोड़ दें ।
-
अब आपको कटे हुए गाजर सब्जी के साथ मिलाना है, यहाँ भी आपको गाजर को अच्छे से साफ़ कर लेना है और जैसा मैंने टुकड़ों में काटा है आपको भी उसी तरह से काट लेना है।
-
वैसे तो काफी लोग वेजिटेबल बिरयानी में भुट्टे के दानों को नहीं डालते हैं पर मैं हमेशा से इन्हें डालती हुई आ रही हूँ और सच में, ये स्वाद को बढ़ाने में काफी मदद करते हैं, तो आपको 20 ग्राम भुट्टे के दाने लेने हैं और उन्हें थोड़ी देर गरम पानी में उबाल लेना है, जैसे ही वे थोड़े सॉफ्ट हो जाएँ आप उन्हें सब्जियों के साथ डाल सकते हैं।
-
अगले स्टेप में आपको भुने हुए पनीर को सब्जियों के साथ मसालों में मिलाना है, पनीर को सबसे आखिर में हम इसलिए मिलाते हैं ताकि बाकी सब्जियों को चलाते वक्त पनीर टूटकर बिखर न जाए।
-
अब आपको सब्जियों में मसाले डालने हैं, पहले 3 चम्मच धनिया पाउडर, उसके बाद डेढ़ चम्मच जीरा पाउडर, फिर 3 चम्मच शाही बिरयानी पाउडर, और अंत में एक चम्मच गरम मसाला पाउडर, मसालों को आप अपने अंदाज़ से थोड़ी कम या ज़्यादा कर सकते हैं पर अगर आपको ज्यादा अनुभव नहीं है तो जैसा मैंने बताया आप उसी मात्रा में मसाले डालें, और फिर सबको मिला दें।
-
थोड़ी देर मसालों को मिलाने के बाद, अब आप सब्जियों पर 4 चम्मच दही डाल दें, यह मसाले में हल्की-सी खटास लाएगा जिससे आपकी बिरयानी को एक संतुलित स्वाद मिलेगा।
-
अब हमने जो चावल को शुरुआत में भिगोकर रख दिया था उसे उससे सब्जियों पर लेयर बनानी होंगी , चावल को पानी में भिगोकर रखने से चावल सॉफ्ट हो जाता हैं और पकने में ज्यादा समय नहीं लेता तो आप भी इसे पहले से ही भिगोकर रख दें।
-
अब हम बनाएँगे चावल की पहली लेयर और उस पर आपको अच्छे से डालनी है भुने हुए प्याज़ को और हरी धनिया जैसा कि आप फोटो में देख सकते हैं।
-
अब हमें बनानी होगी दूसरी लेयर जिसके लिए आपको पहली लेयर के ऊपर अच्छे से चावल डालने होंगे और फिर उसके ऊपर भुने हुए प्याज़, धनिये के छोटे-छोटे कटे हुए पत्ते, और बीच से लंबाई में कटी हुई हरी मिर्च डालनी होगी।
-
अंत में आपको इसमें आधा गिलास छाछ डालनी होगी, यह आपके चावल को खिला-खिला बनाने में मदद करेगी, अब बस 2 सीटी आने तक का इंतज़ार करें और आपकी वेजिटेबल बिरयानी बनकर तैयार हो जाएगी।
-
अब हम शुरू करते हैं वेजिटेबल रायता बनाने की तैयारी जिसके लिए आपको लेना है 1 मध्यम आकार का प्याज़, एक छोटा टमाटर, मध्यम आकार का खीरा और 3 तीखी हरी मिर्च और इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लेना है, जैसा कि आप फोटो में देख रहे हैं।
-
अब आपको कटी हुई सब्जियों के ऊपर दही डालनी है, दही ज्यादा खट्टी नहीं होनी चाहिए वरना आपको रायते का स्वाद अच्छा नहीं लगेगा, कोशिश करें डेयरी कि दही हो और साथ ही हल्का मीठा दही हो।
-
अंतिम स्टेप में आपको इनके ऊपर भुना हुआ खड़े धनिया का पाउडर, चाट मसाला पाउडर, और बारीक कटी हुई धनिये की पत्तियाँ डालनी है और अच्छे से फेंट लेना है और आपका वेजिटेबल रायता बनकर तैयार है।
